देश अपना 72वां गणतंत्र दिवस मना चुका है। जैसा कि सभी जानते हैं कि गणतंत्र दिवस के मौके पर दिल्ली के राजपथ पर विभिन्न राज्यों से कई झांकियां निकाली जाती हैं। यह झांकियां भारत के संस्कृति, सभ्यता और विविधता में एकता की परिचायक होती है। इस बार भी हर बार की तरह कई राज्यों के द्वारा झांकियां निकाली गई लेकिन जिसने सबसे ज्यादा लोगों को आकर्षित किया वह था उत्तरप्रदेश की झांकी। लोगों को आकर्षित करने के साथ उसने गणतन्त्र दिवस का प्रथम पुरस्कार भी अपने नाम किया.। आईए जानते हैं आखिर क्या था उसमें खास…

गणतंत्र दिवस के मौके पर निकलने वाली कई झांकियों में उत्तरप्रदेश की झांकी ने सबका मन मोह लिया। दरअसल उत्तरप्रदेश के द्वारा निकाली गई झांकी में अयोध्या में बनने वाले नव व भव्य राम मन्दिर को दर्शाया गया था। राम मन्दिर की इस झांकी को प्रथम पुरस्कार दिया गया जिसके अंतर्गत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह झांकी से जुड़े सभी अधिकारियों को पुरस्कृत करेंगे।

उत्तरप्रदेश के राम मन्दिर की झांकी को प्रथम पुरस्कार मिलने की खबर सूचना निदेशक शिशिर ने दी। उन्होंने ट्वीट किया कि इस वर्ष गणतंत्र दिवस पर निकलने वाली झांकियों में उत्तरप्रदेश की भव्य राम मन्दिर झांकी ने प्रथम पुरस्कार जीता है। इसके बाद उन्होंने झांकी से जुड़े पूरी टीम को भी बधाई दी है।
उत्तरप्रदेश के झांकी को प्रथम पुरस्कार मिलने पर देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी झांकी की पूरी टीम को बधाई दी है। प्रथम पुरस्कार पाने के कारण उत्तरप्रदेश राज्य के सभी लोगों में हर्षोल्लास है।